संसद का शीतकालीन सत्र 24 नवंबर से, 19 बैठकें प्रस्तावित
सरकार सत्र में 12 विधेयक पेश करने की तैयारी में है। विपक्ष ने महंगाई और बेरोज़गारी पर चर्चा की माँग की।

नई दिल्ली। संसद का शीतकालीन सत्र 24 नवंबर से शुरू होगा और 19 दिसंबर तक चलेगा। संसदीय कार्य मंत्रालय ने इस अवधि में 19 बैठकें प्रस्तावित की हैं।
सरकार की कार्यसूची में 12 विधेयक हैं, जिनमें से तीन पहली बार पेश किए जाएँगे। बाकी विधेयक पिछले सत्र से लंबित हैं और स्थायी समितियों की रिपोर्ट के बाद सदन में लौट रहे हैं।
विपक्षी दलों ने सत्र से पहले होने वाली सर्वदलीय बैठक में महंगाई और बेरोज़गारी पर अलग से चर्चा कराने की माँग रखी है। उनका कहना है कि इन मुद्दों पर पिछले दो सत्रों में पर्याप्त समय नहीं मिला।
ये भी पढ़ेंरेलवे ने त्योहारों के लिए 280 स्पेशल ट्रेनें चलाने की घोषणा की
लोकसभा सचिवालय के अनुसार प्रश्नकाल और शून्यकाल दोनों नियमित रूप से चलेंगे। सांसदों को सवाल भेजने के लिए ऑनलाइन पोर्टल 10 नवंबर से खोल दिया जाएगा।
सत्र के पहले सप्ताह में अनुपूरक अनुदान माँगों पर चर्चा होने की संभावना है। वित्त मंत्रालय ने सभी विभागों से 5 नवंबर तक अपने प्रस्ताव भेजने को कहा है।
संसद भवन परिसर में सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा भी शुरू हो गई है। आगंतुक पास की नई व्यवस्था इसी सत्र से लागू होगी।






